उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: ई-रिक्शा की टक्कर से फाटक क्षतिग्रस्त

Admindelhi1
24 Feb 2026 3:34 PM IST
Farrukhabad: ई-रिक्शा की टक्कर से फाटक क्षतिग्रस्त
x

फर्रुखाबाद: मंगलवार को शहर में उस समय एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार से आ रहे एक ई-रिक्शा ने बंद हो रहे रेलवे फाटक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फाटक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। गनीमत रही कि समय रहते ट्रेन को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना फतेहगढ़ क्षेत्र स्थित जिला जेल रेलवे फाटक की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 11 बजे ट्रेन के आगमन की सूचना मिलने पर गेटमैन फाटक बंद कर रहा था। इसी दौरान कचहरी की ओर से तेज गति से आ रहा एक ई-रिक्शा चालक फाटक बंद होने के बावजूद उसे पार करने का प्रयास करने लगा और सीधे फाटक से जा टकराया।

टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि उसी समय ट्रैक पर ट्रेन आने वाली थी। फाटक क्षतिग्रस्त होने से कुछ देर के लिए रेलवे संचालन प्रभावित हुआ। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और चालक को मौके पर ही पकड़ लिया।

घटना की सूचना तुरंत जीआरपी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और ई-रिक्शा चालक को वाहन सहित अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रेलवे विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त फाटक को हटाकर अस्थायी फाटक की व्यवस्था की गई, जिसके बाद ट्रेन को सावधानीपूर्वक निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा गंभीर परिणाम हो सकते थे।

स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटक पर बढ़ती लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि कई वाहन चालक फाटक बंद होने के बावजूद जल्दबाजी में उसे पार करने की कोशिश करते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।

Next Story