उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: कटान से ग्रामीणों में दहशत, कई घर खतरे में

Admindelhi1
30 March 2026 2:12 PM IST
Farrukhabad: कटान से ग्रामीणों में दहशत, कई घर खतरे में
x

फर्रुखाबाद: शमशाबाद क्षेत्र में गंगा नदी का कटान लगातार तेज होता जा रहा है, जिससे तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। बीते तीन दिनों से गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने के कारण कटान की रफ्तार अचानक बढ़ गई है, जिसका असर अब सीधे ग्रामीणों के आशियानों पर पड़ने लगा है।

जानकारी के अनुसार पैलानी दक्षिण क्षेत्र में गंगा का जलस्तर बढ़ने के चलते रुक-रुक कर तेज कटान हो रहा है। शनिवार देर रात रहीसा नामक व्यक्ति के मकान की दीवार अचानक भरभरा कर गंगा नदी में समा गई। इसके बाद रविवार को स्थिति और गंभीर हो गई, जब दो और झोपड़ियां कटान की चपेट में आकर नदी में विलीन हो गईं।

रविवार रात तक भी कटान का सिलसिला जारी रहा, जिससे आसपास रहने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो कई और घर गंगा में समा सकते हैं। कटान के कारण कई परिवारों के सामने बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराने के साथ ही कटान रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, लेकिन प्रभावित परिवारों में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

Next Story