- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Farrukhabad: बौखलाए...
Farrukhabad: बौखलाए नेवले ने महिला को दौड़ा-दौड़ा कर काटा

फर्रुखाबाद: कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बौखलाए नेवले ने अचानक आतंक मचा दिया। नेवले के हमले में एक महिला और उसे बचाने आए युवक सहित दो बकरियां घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के बेवर रोड निवासी रूबी कटिहार अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान अचानक एक नेवला वहां आ पहुंचा और महिला पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ा। महिला ने नेवले से बचने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन नेवला महिला के पीछे पड़ गया और दौड़ा-दौड़ा कर उसे काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
महिला पर हमला होते देख पास में ही रहने वाले युवक विनोद ने साहस दिखाते हुए महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बौखलाए नेवले ने युवक पर भी हमला कर दिया। नेवले के हमले में विनोद भी घायल हो गया। घटना यहीं नहीं रुकी, हमलावर नेवले ने पास में बंधी दो बकरियों पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
नेवले के अचानक हमले से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और किसी तरह नेवले को भगाया गया। हमले में घायल महिला, युवक और बकरियों को निजी क्लीनिक ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ती जा रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि ऐसे जंगली जानवरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





