उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: दिनदहाड़े लूट की कहानी पर संदेह, जांच में खुलासा

Admindelhi1
23 March 2026 8:59 AM IST
Farrukhabad: दिनदहाड़े लूट की कहानी पर संदेह, जांच में खुलासा
x

फर्रुखाबाद: रविवार दोपहर करीब 3 बजे थाना क्षेत्र के ताजपुर रोड स्थित शांति मैरिज हॉल के पास कथित लूट की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक महिला से जेवरात छीनने की खबर आग की तरह फैल गई, लेकिन पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है।

जानकारी के अनुसार, कन्नौज जनपद के सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम भटपुरी निवासी जाहर सिंह अपनी पुत्री वंदना को उसकी ससुराल, थाना मेरापुर क्षेत्र के ग्राम कोकापुर छोड़ने बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए अपाचे सवार दो युवकों पर वंदना के कान का कुंडल और गले की चेन-पेंडल छीनकर फरार होने का आरोप लगाया गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। चौकी प्रभारी अनिल सिकरवार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और एसओजी टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर गहन जांच शुरू की।

इसी बीच जांच के दौरान मामला उस समय उलझ गया जब पुलिस ने पीड़िता के बैग की तलाशी ली। बैग में जेवरात मिलने से पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए। पूछताछ में वंदना ने स्पष्ट किया कि बैग में रखे जेवर अलग हैं, जबकि जो वह पहने हुए थी, वही बदमाश लूटकर ले गए।

घटना के दौरान यह भी बताया गया कि कथित बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जिससे जाहर सिंह भी असंतुलित होकर गिर पड़े। बावजूद इसके आरोपी खेतों के रास्ते फरार होने में सफल रहे और अपनी बाइक मौके पर ही छोड़ गए।

पुलिस ने पीड़ितों का मेडिकल परीक्षण कराते हुए घटनास्थल से बरामद बाइक को कब्जे में ले लिया है और उसके आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, पूरे घटनाक्रम में विरोधाभासी तथ्यों के चलते पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Next Story