उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: जिला अधिकारी व एसपी ने कारागारों का निरीक्षण किया

Admindelhi1
29 April 2026 1:55 PM IST
Farrukhabad: जिला अधिकारी व एसपी ने कारागारों का निरीक्षण किया
x

फर्रुखाबाद: कानून-व्यवस्था एवं कारागार प्रशासन को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा जिला कारागार एवं केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर में सुरक्षा, साफ-सफाई एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की विशेष रूप से जांच की। रसोईघर में पहुंचकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भोजन बनाने की प्रक्रिया एवं स्वच्छता मानकों को परखा गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया गया। जेल चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति एवं मरीज बंदियों के उपचार की व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बीमार बंदियों को समय पर समुचित इलाज मिले और किसी भी प्रकार की शिकायत सामने न आए।

साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बैरकों, शौचालयों एवं परिसर की स्वच्छता की स्थिति देखकर अधिकारियों ने संतोष जताया, साथ ही नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना जेल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की भी गहन जांच की गई। सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, बैरकों की सुरक्षा एवं जेल में तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए।

अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों के अधिकारों का सम्मान करते हुए उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज हो गई।

Next Story