उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: युवा प्रतिभाओं के लिए जिला स्तरीय विज्ञान कार्यक्रम

Admindelhi1
13 Feb 2026 7:14 PM IST
Farrukhabad: युवा प्रतिभाओं के लिए जिला स्तरीय विज्ञान कार्यक्रम
x
क्विज और मॉडल प्रदर्शनी से बढ़ेगी विज्ञान शिक्षा में रुचि

फर्रुखाबाद: आज रखा बालिका इंटर कॉलेज, Fatehgarh में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान (National Invention Campaign) के अंतर्गत जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के सभी विकास खण्डों से चयनित 05-05 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

रंगोली और सरस्वती वंदना से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम स्थल पर विकास खण्ड मोहम्मदाबाद एवं गढ़पुर के अध्यापकों द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसकी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने सराहना की। कार्यक्रम की शुरुआत पीएम श्री विद्यालय मोहम्मदाबाद के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। तत्पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने किया। विशिष्ट अतिथियों में मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी एस.के. तिवारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री सुभाष राजपूत, उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डायट श्री अनुपम अवस्थी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह एवं सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी श्री राजकुमार यादव उपस्थित रहे।

विज्ञान क्विज प्रतियोगिता: ज्ञान का रोमांचक मुकाबला

विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में विज्ञान, गणित एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। कड़े मुकाबले के बाद रुद्र प्रताप ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।

निर्णायक मंडल में डायट के प्रवक्ता श्री मनोज कुमार पाल, राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज कनकापुर राजेपुर के प्रवक्ता श्री के.डी. तिवारी एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ की प्रवक्ता श्रीमती अर्चना गुप्ता शामिल रहे। स्कोरिंग की जिम्मेदारी एसआरजी श्री युदराज सिंह पाल एवं श्री कुमार देवव्रत ने निभाई।

विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिटी, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, कचरा प्रबंधन एवं सतत विकास जैसे विषयों पर प्रभावी और उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए।

निर्णायक मंडल में श्री मनोज कुमार पाल, श्री कुमार देवव्रत, श्रीमती अर्चना गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह एवं प्राचार्य डायट श्री अनुपम अवस्थी ने मॉडल का मूल्यांकन किया।

विजेता प्रतिभागी

प्रथम स्थान: मान्सी

द्वितीय स्थान: अनिकेत

तृतीय स्थान: हर्षिता

चतुर्थ स्थान: रितिक

पंचम स्थान: धन्नजय

विजेताओं को किया गया सम्मानित

प्रथम से पंचम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को टैबलेट, शैक्षिक बैग, पुस्तकें, विज्ञान किट एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विजेताओं को भविष्य में राज्य स्तरीय शैक्षिक भ्रमण, जैसे इसरो या अन्य प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों के भ्रमण पर भेजने की योजना भी साझा की गई।

अधिकारियों के प्रेरणादायक विचार

जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि “राष्ट्रीय आविष्कार अभियान बच्चों में ‘क्यों, कैसे और क्या’ की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करता है। यही जिज्ञासा भविष्य के वैज्ञानिकों और नवप्रवर्तकों की नींव रखती है।”

मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ ने कहा कि “ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करते हैं और उन्हें नई तकनीकों की ओर प्रेरित करते हैं। हमारा लक्ष्य है कि परिषदीय विद्यालयों के छात्र भी आधुनिक विज्ञान में अग्रणी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) श्री जतिन रंजन मिश्रा, जिला समन्वयक (एमआईएस) श्री जितेन्द्र सिंह, प्र. जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) श्री सुनील प्रताप सिंह, एआरपी गौरव शाक्य, श्री राजेन्द्र पवन, वागीश विक्रम, मनीष अवस्थी, श्री बहग्रशंकर मिश्रा एवं आकाश मिश्रा का विशेष योगदान रहा।

समापन अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के माध्यम से फर्रुखाबाद जनपद विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

Next Story