उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: समायोजन पर नाराज कोविड कर्मी, अनशन की धमकी दी

Admindelhi1
12 Jan 2026 2:44 PM IST
Farrukhabad: समायोजन पर नाराज कोविड कर्मी, अनशन की धमकी दी
x

फर्रुखाबाद: कोविड-19 काल में सेवाएं दे चुके कर्मचारियों का समायोजन अब तक न होने से रोष गहराता जा रहा है। कोविड काल में कार्यरत समस्त कर्मचारियों की सेवाएं 31 जुलाई 2024 को समाप्त कर दी गई थीं। इनमें ओटी टेक्नीशियन, ईटीसीटी, वार्ड ब्वाय, वार्ड आया, सफाई कर्मी सहित अन्य संवर्गों के कर्मचारी शामिल हैं।

सेवा समाप्ति के बाद शासन स्तर पर इन कर्मचारियों के पुनः समायोजन को लेकर प्रमुख सचिव द्वारा 27 मई 2025 को आदेश जारी किए गए थे। इसके बावजूद शासन की ओर से कई बार दिशा-निर्देश दिए जाने के बाद भी विभिन्न संवर्गों के कुल 59 कर्मचारियों का अब तक समायोजन नहीं हो सका है।

कर्मचारियों का आरोप है कि शासन से स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा जानबूझकर समायोजन की प्रक्रिया को टाला जा रहा है। इससे कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। लंबे समय से बेरोजगार चल रहे कोविड कर्मियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि चार दिन के भीतर समस्त कोविड कर्मचारियों का समायोजन नहीं किया गया, तो 12 जनवरी से समायोजन से वंचित सभी कर्मचारी संबंधित कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन पर बैठेंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि अनशन समायोजन होने तक जारी रहेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस संबंध में प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन कर्मचारियों के आंदोलन की चेतावनी के बाद विभागीय हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि समय रहते शासन और प्रशासन कोई निर्णय लेता है या मामला आंदोलन की राह पकड़ता है।

Next Story