उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: लोहिया अस्पताल में अफरा-तफरी, मरीज परेशान

Admindelhi1
23 March 2026 3:42 PM IST
Farrukhabad: लोहिया अस्पताल में अफरा-तफरी, मरीज परेशान
x

फर्रुखाबाद: सोमवार को डॉ राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे अस्पताल परिसर में अव्यवस्था का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते हालात बेकाबू होने लगे।

पर्चा काउंटर पर महिलाओं और पुरुषों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही नोंकझोंक में बदल गई। भीड़ बढ़ने के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे वहां मौजूद अन्य मरीजों और तीमारदारों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को शांत कराया।

अस्पताल के भीतर चिकित्सकों के कक्ष के बाहर भी कमोबेश यही स्थिति बनी रही। मरीज अपनी बारी से पहले दिखाने की कोशिश में इधर-उधर भागते नजर आए, जिससे व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई मरीजों ने आरोप लगाया कि पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप सुविधाओं और कर्मचारियों की संख्या में इजाफा नहीं किया जा रहा है। यही कारण है कि आए दिन इस तरह की अव्यवस्था सामने आती है।

Next Story