उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: जनगणना की तैयारी में तेजी, डीएम ने लिया नियंत्रण

Admindelhi1
9 March 2026 8:51 PM IST
Farrukhabad: जनगणना की तैयारी में तेजी, डीएम ने लिया नियंत्रण
x
"जनगणना के लिए अधिकारियों की ट्रेनिंग आयोजित"

फर्रुखाबाद: भारत की जनगणना 2026-27 की तैयारियों के दृष्टिगत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जनपद स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनगणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान जनगणना की प्रक्रिया, आंकड़ों के संकलन की विधि, निर्धारित प्रपत्रों के सही उपयोग तथा समयबद्ध और शुद्ध आंकड़े संकलित करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं और नीतियों का निर्माण करती है।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करें तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का सही ढंग से उपयोग करते हुए जनगणना कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सभी उपजिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, प्रशिक्षकगण तथा जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Story