उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: अल्पसंख्यक युवक पर हमला, मामला दर्ज

Admindelhi1
18 March 2026 8:58 PM IST
Farrukhabad: अल्पसंख्यक युवक पर हमला, मामला दर्ज
x
"दोस्त के साथ हुई मारपीट, पुलिस ने केस दर्ज किया"

फर्रुखाबाद: क्षेत्र में पूर्व रंजिश के चलते एक विकलांग दलित युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित को बचाने पहुंचे उसके दोस्त को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीट दिया। मामले में क्षेत्राधिकारी के आदेश पर शमशाबाद थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शमशाबाद नगर के मोहल्ला चौखंडा निवासी रवि कुमार दिवाकर पुत्र हंसराम, जो दलित होने के साथ-साथ दिव्यांग भी हैं, ने क्षेत्राधिकारी कायमगंज के निर्देश पर थाना शमशाबाद में मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित के अनुसार घटना 5 मार्च की शाम करीब 6 बजे की है, जब वह गंगा रोड के निकट एक पेड़ के नीचे अपने दोस्त नीरज पुत्र वीरेंद्र के साथ बातचीत कर रहा था।

इसी दौरान शराब के नशे में धुत कुछ आरोपी वहां आ पहुंचे और पूर्व रंजिश के चलते जातिसूचक गालियां देते हुए अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने एक राय होकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से रवि कुमार की जमकर पिटाई कर दी। जब नीरज ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा और मारपीट कर घायल कर दिया।

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी जानमाल की धमकी देते हुए फरार हो चुके थे। घटना से घबराए पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी कायमगंज को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

क्षेत्राधिकारी के आदेश पर थाना शमशाबाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट एवं उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Next Story