उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: एसडीएम के निरीक्षण के बाद जनरेटर आपरेटर पर गाज गिरना तय

Admindelhi1
30 May 2025 4:43 PM IST
Farrukhabad: एसडीएम के निरीक्षण के बाद जनरेटर आपरेटर पर गाज गिरना तय
x
डीजल में मिला घपला

फर्रुखाबाद; आये दिन सुर्खियों में रहने वाले लोहिया अस्पताल का एसडीएम ने गुरुवार को निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम को काफी खामियां मिलीं। रजिस्टर के हिसाब से डीजल में घपला मिला। वहीं इमरजेंसी इंचार्ज ने बताया कि जनरेटर आपरेटर अपनी मनमानी करता है। जब जनरेटर चलाने की कहो, तो कहता है कि सीएमओ से बात करो।

जानकारी के अनुसार बीते दिन लोहिया अस्पताल में मोबाइल की रोशनी में उपचार कर रहे चिकित्सकों की खबर जब अखबारों की सुर्खियों बनी, तो प्रशासन नींद से जागा और गुरुवार को एसडीएम सदर रजनीकांत पाण्डेय को लोहिया अस्पताल के निरीक्षण के लिए भेजा गया। जिस पर एसडीएम सदर तथा एसीएमओ सर्वेेश यादव ने सबसे पहले लोहिया के जनरेटर ऑपरेटर पवन तिवारी को बुलाकर बातचीत की। इस दौरान पवन तिवारी ने बताया कि अस्पताल में दो जनरेटर हैं।एक आटोमेटिक तथा दूसरा हाथ से स्टार्ट करने वाला। आटोमेटिक वाला अस्पताल के आधे हिस्सा में बिजली की सप्लाई करता है, जबकि हाथ से चलने वाला आधे हिस्से की। जब एसडीएम ने रजिस्टर चेक किया, तो पाया कि डीजल आया 16 मई को, जबकि चढ़ा 14 मई को पाया। इस पर एसडीएम ने आपरेटर को जमकर फटकार लगायी और कहा कि इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी जायेगी। इमरजेंसी इंचार्ज अभिषेक चतुर्वेदी से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि सारी गलती ऑपरेटर पवन तिवारी की है। उनका कहना था कि जब पवन तिवारी से जनरेटर चालू करने के लिए कहा जाता है, तो कभी कहता है कि तेल नहीं है, कभी कहता है सीएमओ को फोन करके बताओ। फिलहाल एसडीएम को अस्पताल में कई खामियां मिलीं। एसडीएम ने सीएमएस के बारे में पूछताछ की, तो बताया गया कि वह बीमार हैं। इसलिए नहीं आये। एसडीएम के निरीक्षण के बाद एक दो पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।

Next Story