- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Farrukhabad: त्योहारों...
Farrukhabad: त्योहारों से पहले प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की अहम बैठक संपन्न

फर्रुखाबाद: आगामी होली पर्व, होली पर निकलने वाले जुलूस, ईद तथा जुमा नमाज को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद ने कोतवाली मोहम्मदाबाद परिसर में संभ्रांत व्यक्तियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में क्षेत्राधिकारी ने उपस्थित लोगों से त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेशों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
होली के जुलूसों के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जुलूस निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही निकाले जाएं। डीजे की आवाज शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा किसी भी प्रकार के अशोभनीय गीत या हरकत से परहेज किया जाए। इसी प्रकार ईद और जुमा नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की जानकारी भी दी गई।
क्षेत्राधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपस्थित संभ्रांत नागरिकों और पीस कमेटी के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी लोग मिलकर कार्य करेंगे।





