उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: एडीएम और एएसपी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया

Admindelhi1
18 Feb 2026 3:00 PM IST
Farrukhabad: एडीएम और एएसपी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया
x

फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति तथा परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रश्नपत्रों को निर्धारित समय पर ही खोला जाए तथा स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पुख्ता रखी जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को निर्देश दिए कि परीक्षा अवधि में शांति व्यवस्था बनाए रखें। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने दी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नकल माफियाओं या परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप की स्थिति रही और व्यवस्थाओं को और अधिक दुरुस्त किया गया। प्रशासन का उद्देश्य है कि बोर्ड परीक्षाएं पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।

Next Story