उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: सड़क हादसे में हलवाई की जान गई, साथी गंभीर

Admindelhi1
20 April 2026 5:42 PM IST
Farrukhabad: सड़क हादसे में हलवाई की जान गई, साथी गंभीर
x

फर्रुखाबाद: जनपद के कमालगंज क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद कानपुर के थाना बिठूर क्षेत्र के मंधना गांव निवासी 30 वर्षीय गंगाराम गोस्वामी पुत्र खुद्दार गोस्वामी पेशे से हलवाई थे और अविवाहित थे। वह शनिवार को अपने भतीजे शिवा गोस्वामी के साथ कमालगंज क्षेत्र में एक शादी समारोह में काम करने आए थे।

रविवार देर रात दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे खुदागंज चौकी के पास पहुंचे, उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंगाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल शिवा को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

मृतक के भाई राहुल ने बताया कि गंगाराम पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाइयों में धनतेरस, रवि और विजय शामिल हैं। सभी लोग हलवाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। गंगाराम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक शराब पीने का आदी था, हालांकि हादसे के सही कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Next Story