उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: ओवरलोडिंग और बकाया कर के आरोप में 9 ट्रक सघन चेकिंग में जब्त

Admindelhi1
11 March 2026 9:00 PM IST
Farrukhabad: ओवरलोडिंग और बकाया कर के आरोप में 9 ट्रक सघन चेकिंग में जब्त
x

फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत के नेतृत्व में ओवरलोडिंग और बकाया कर के मामलों में कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 9 ट्रकों को सीज किया गया।

चेकिंग के दौरान ओवरलोड माल ढोते पाए जाने पर 2 ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इन वाहनों पर परिवहन नियमों के उल्लंघन के चलते 71 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

इसके अलावा बकाया कर के अभियोग में 7 ट्रकों को सीज किया गया, जिन पर कुल 1.95 लाख रुपये का कर बकाया पाया गया। विभाग की इस कार्रवाई से वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भविष्य में और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

राजस्व वसूली को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग द्वारा 10 मार्च से 16 मार्च 2026 तक सघन बकाया वसूली अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि जिन वाहनों पर कर बकाया है वे जल्द से जल्द बकाया कर जमा कर दें। अन्यथा की स्थिति में वाहनों को सीज कर बकाया कर की वसूली की जाएगी।

Next Story