उत्तर प्रदेश

सहारनपुर में किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर किया धरना-प्रदर्शन

Shreya
26 July 2023 10:45 AM GMT
सहारनपुर में किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर किया धरना-प्रदर्शन
x

सहारनपुर। गन्ना भवन सहारनपुर में गन्ना भुगतान, ब्याज और गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹600 कुंतल कराने संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के हजारों किसानों ने धरना देकर प्रदर्शन किया।

उग्र किसानों ने उप गन्ना आयुक्त ओमप्रकाश सिंह को धरना स्थल पर अपने बीच में बैठाकर गन्ना किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा व उपस्थित प्रदेश मुख्य मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि इस बार प्रदेश के गन्ना किसानों को किसी भी कीमत पर गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹600 कुंतल चाहिए। उन्होंने कहा कि बड़े दुर्भाग्य की बात है की गन्ने की लागत ₹525 कुंतल आ रही है इसके बावजूद भी भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार गन्ना किसानों की अनदेखी करके मात्र ₹350 गन्ना भुगतान भी समय से गन्ना किसानों को नहीं करा रही है। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि गन्ने की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। गन्ना किसानों को गन्ना उत्पादन के लिए लेबर समस्या हो गई है जिसके लिए केंद्र सरकार को तत्काल प्रभाव से मनरेगा योजना को खेती से जोड़कर किसानों को मजदूर उपलब्ध कराए जाए। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि यदि इस बार गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹600 कुंतल न किया गया, चीनी मिलों से पिछले वर्ष का गन्ना भुगतान तुरंत न दिलाया गया और पिछले वर्षों में देरी से किए गए गन्ना भुगतान पर लगा ब्याज उत्तर प्रदेश की 120 चीनी मिलो से 16 हजार करोड़ रुपए ब्याज न दिलाया गया तो भारतीय किसान यूनियन वर्मा पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा प्रदेश की सारी व्यवस्था को ठप कर देंगे।

भगत सिंह वर्मा ने कहा कि यदि सरकार ने गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹600 कुंतल ने किया तो प्रदेश के गन्ना किसान भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव में वोट नहीं देंगे। प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र चौधरी गुर्जर ने कहा कि अब समय आ गया है कि किसानों को एक होकर 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी से अपना हिसाब चुकता करना होगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ अशोक मलिक ने कहा कि सभी किसानों को जाति बिरादरी में धर्म से ऊपर उठकर किसानों की समस्याओं के लिए संघर्ष करना होगा और शहीद क्रांतिकारियों शहीद भगत सिंह सुभाष चंद्र बोस चंद्रशेखर आजाद के सपनों का भारत बनाने के लिए सभी को संघर्ष करना होगा। धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा के महानगर अध्यक्ष मोहम्मद जहीर तुर्की ने कहा कि हम नगर-नगर गांव-गांव जाकर भारतीय किसान यूनियन वर्मा को मजबूत करके गन्ना किसानों की समस्याओं के लिए रात- दिन संघर्ष करेंगे।

प्रदर्शनकारियों को भारतीय किसान यूनियन वर्मा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित नीरज कपिल, प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक, प्रदेश सचिव ऋषिपाल प्रधान गुर्जर, मंडल उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह बंटी, जिला उपाध्यक्ष मांगेराम यादव, जिला मंत्री महबूब असल, जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष वसीम जहीरपुर, प्रवीण चौधरी, सुमित चौधरी, मोहम्मद शाहि,द जिला मंत्री मोहम्मद मुकर्रम, हरपाल सिंह, तहसील प्रभारी मुनेश पाल बुद्धू ने संबोधित किया। प्रदर्शन में मंडल महासचिव वीरेंद्र सिंह बिल्लू, जोगेंद्र सिंह, चौधरी कालू सिंह, जिला मंत्री मोहम्मद राशिद, हाजी सुलेमान, जितेंद्र चौधरी, अमित चौधरी, पंकज चौधरी, सुरेंद्र प्रधान, आकाश चौधरी, रविंद्र सिंह, हाजी बुद्धू हसन, मोहम्मद शादाब,अरविंद गुर्जर, नीरपाल सिंह गुर्जर, मनोज प्रधान, पदम सिंह, भूपेंद्र सिंह चौधरी, वीरपाल सिंह सहित हजारों किसानों ने भाग लिया।

Next Story