उत्तर प्रदेश

Farmers दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे, डीएम ने दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

Ratna Netam
15 July 2026 5:42 PM IST
Farmers  दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे, डीएम ने दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश
x

Saharanpur सहारनपुर : कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में जिलेभर से पहुंचे किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

किसान दिवस में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि किसानों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनके समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो अधिकारी बैठक में अनुपस्थित रहे, उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही उन्होंने खाद और उर्वरकों की बिक्री सोसायटियों के माध्यम से नियमानुसार कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से नई तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की।

उप कृषि निदेशक संदीप पाल ने किसान भाइयों को फार्मर आईडी बनवाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि किसान जल्द से जल्द अपनी फार्मर आईडी बनवा लें, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए 16 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक कृषि विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर बुकिंग की जाएगी। इच्छुक किसान निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कृषि यंत्रों की बुकिंग कर सकते हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में संचालित योजनाओं और अनुदान प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी किसानों को दी।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. वीरेंद्र वर्मा ने किसानों को धान की फसल की पैदावार बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, कीट एवं रोगों की रोकथाम और बेहतर कृषि प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की अपील की, जिससे उत्पादन और आमदनी दोनों में बढ़ोतरी हो सके।

किसान संजय सैनी ने सहजन (मोरिंगा) सहित अन्य औषधीय फसलों की खेती के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि सहजन, मकोय, बकुंबर, दूब घास और चिरायता जैसी औषधीय खेती किसानों के लिए अतिरिक्त आय का बेहतर माध्यम बन सकती है।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और किसानों ने बिजली विभाग, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, गन्ना विभाग और जल शक्ति मिशन से जुड़ी समस्याएं उठाईं। किसानों ने अधिकारियों से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, उप कृषि निदेशक संदीप पाल, जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. वीरेंद्र कुमार वर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमपी सिंह, परियोजना अधिकारी यूपी नेडा आरबी वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिले के करीब 150 किसानों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

Next Story