उत्तर प्रदेश

Farmers की मेहनत रंग लाई, गन्ना उत्पादन में शामली ने मारी बाजी

Ratna Netam
11 July 2026 4:23 PM IST
Farmers  की मेहनत रंग लाई, गन्ना उत्पादन में शामली ने मारी बाजी
x

Saharanpur सहारनपुर : उत्तर प्रदेश में गन्ना उत्पादन के मामले में सहारनपुर मंडल ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की गन्ना पट्टी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुकाबले बेहतर उत्पादन दर्ज किया है। सहारनपुर मंडल के गन्ना उपायुक्त ओमप्रकाश सिंह के अनुसार, मंडल का शामली जनपद प्रदेश में गन्ना उत्पादन में पहले स्थान पर रहा है।

गन्ना उपायुक्त ने बताया कि वर्ष 2025-26 में शामली जिले ने प्रति हेक्टेयर 969.12 क्विंटल गन्ने का उत्पादन दर्ज किया है। इसके साथ ही शामली लगातार आठवें वर्ष प्रदेश में सबसे अधिक गन्ना उत्पादन करने वाला जिला बना हुआ है। वहीं, सहारनपुर मंडल के मुजफ्फरनगर जिले ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रति हेक्टेयर 900.96 क्विंटल गन्ना उत्पादन किया है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की गन्ना पट्टी राज्य के गन्ना उत्पादन में अहम भूमिका निभा रही है। यहां की मिट्टी, बेहतर सिंचाई व्यवस्था और किसानों की आधुनिक खेती तकनीकों के कारण उत्पादन लगातार बेहतर हो रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुकाबले पश्चिमी क्षेत्र में गन्ने की पैदावार काफी अधिक दर्ज की जा रही है।

गन्ना उपायुक्त ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि सहारनपुर जिले में गन्ने का औसत उत्पादन 825 क्विंटल प्रति हेक्टेयर रहा है। वहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में गन्ने का औसत उत्पादन 825.56 क्विंटल प्रति हेक्टेयर दर्ज किया गया है। इसके अलावा बागपत जिले में औसत उत्पादन 914.16 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और मेरठ में 888.68 क्विंटल प्रति हेक्टेयर रहा है।

शामली जिले के आंकड़े सबसे अधिक प्रभावशाली रहे हैं। पिछले कई वर्षों से यह जिला गन्ना उत्पादन में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। वर्ष 2023-24 में शामली ने रिकॉर्ड 1036.04 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन दर्ज किया था। इसके बाद वर्ष 2024-25 में भी जिले का उत्पादन 1023.16 क्विंटल प्रति हेक्टेयर रहा। वर्ष 2022-23 में यह आंकड़ा 1025.12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर था।

इसके अलावा वर्ष 2019-20 में शामली का औसत उत्पादन 990.64 क्विंटल प्रति हेक्टेयर, वर्ष 2020-21 में 1004.28 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और वर्ष 2021-22 में 1014.16 क्विंटल प्रति हेक्टेयर दर्ज किया गया था।

गन्ना उपायुक्त ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों के उत्पादन आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि बस्ती जिले में औसत गन्ना उत्पादन 711.64 क्विंटल प्रति हेक्टेयर, देवरिया में 688.64 क्विंटल, बलिया में 684.08 क्विंटल और आजमगढ़ में 697.08 क्विंटल प्रति हेक्टेयर रहा है।

उन्होंने कहा कि शामली जिले के किसान लगातार नई तकनीकों को अपनाकर गन्ने की पैदावार बढ़ा रहे हैं। बेहतर बीज, वैज्ञानिक खेती पद्धति और समय पर कृषि सलाह के कारण जिले ने यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी शामली प्रदेश में गन्ना उत्पादन के क्षेत्र में अपना शीर्ष स्थान बनाए रखेगा।

Next Story