उत्तर प्रदेश

किसानों ने एक-दूसरे को फावड़े से काट डाला

Shantanu Roy
3 Oct 2022 3:53 PM GMT
किसानों ने एक-दूसरे को फावड़े से काट डाला
x
बड़ी खबर
गाजियाबाद। गाजियाबाद में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। 5 लाख रुपए के लिए किसानों ने एक-दूसरे को फावड़े से काट डाला। एक की मौके पर ही मौत हो गई। हॉस्पिटल पहुंचने पर दूसरे को भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र का है। सदरपुर के रहने वाले 48 साल के ब्रजपाल खेतीबाड़ी के साथ दूध बेचने का काम करते थे। ब्रजपाल के भाई सोनू ने पास के ही गांव दुहाई के रहने वाले 35 साल के विकास के भाई से कोरोना काल से पहले 5 लाख रुपए उधार लिए थे। काफी टाइम बीतने के बाद सोनू ने रुपए नहीं लौटाए। रुपए नहीं लौटाने पर दोनों पक्षों में कई बार विवाद हुआ। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे बृजपाल ट्रैक्टर लेकर अपने खेत के पास पहुंचा। वहीं, विकास भी बाइक लेकर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि रुपयों के लेन-देन को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी।
इसी बीच मौके पर मौजूद फावड़े से दोनों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना में बृजपाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस विकास को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। SP सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया, सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे सूचना मिली कि गांव दुहाई में दो लोग लहूलुहान अवस्था में एक खेत में पड़े हुए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची। इसमें एक व्यक्ति मृत और दूसरा घायल था। मृत व्यक्ति की पहचान ब्रजपाल सिंह पुत्र जयपाल के रूप में हुई। जबकि घायल विकास सिंह पुत्र रिचपाल सिंह है। विकास को तुरंत संजयनगर के सरकारी अस्पताल में भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान विकास सिंह की भी मौत हो गई। SP ने बताया कि दोनों के बीच पांच लाख रुपए के लेनदेन का कोई विवाद था। मौके से हत्या में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर लिया गया है। इस मामले में दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Next Story