उत्तर प्रदेश

Famous कारोबारी ओमप्रकाश जालान ने मेदांता में ली अंतिम सांस

Ratna Netam
8 July 2026 4:53 PM IST
Famous  कारोबारी ओमप्रकाश जालान ने मेदांता में ली अंतिम सांस
x

गोरखपुर: गोरखपुर के जाने-माने उद्यमी और समाजसेवी ओमप्रकाश जालान का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार को एयर एंबुलेंस के माध्यम से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।उनके निधन की खबर मिलते ही गोरखपुर के औद्योगिक, व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में उद्यमियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और इसे शहर के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

गुरुवार को होगा अंतिम संस्कार

ओमप्रकाश जालान अपने पीछे पत्नी पूनम जालान, पुत्र अनुज जालान और तनुज जालान समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका पार्थिव शरीर बुधवार शाम तक गोरखपुर लाया जाएगा। गुरुवार सुबह राप्ती नदी के तट स्थित राजघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।जानकारी के अनुसार, उनकी अंतिम यात्रा सुबह 9 बजे जंगल नकहा नंबर-2 स्थित उनके आवास से निकाली जाएगी, जिसमें शहर के कई प्रमुख लोग और शुभचिंतक शामिल होंगे।

गोरखपुर के औद्योगिक विकास में अहम योगदान

ओमप्रकाश जालान गोरखपुर के औद्योगिक विकास की उस पीढ़ी के प्रमुख चेहरों में शामिल थे, जिन्होंने अपनी मेहनत, दूरदर्शिता और उद्यमशीलता से शहर के व्यापारिक क्षेत्र को नई पहचान दिलाई।उन्होंने Jalan Concast के नाम से सरिया निर्माण फैक्ट्री स्थापित की थी, जिसे गोरखपुर की पहली सरिया फैक्ट्री के रूप में जाना जाता है। उनके प्रयासों से शहर में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला और कई लोगों को रोजगार के अवसर भी मिले।औद्योगिक क्षेत्र के अलावा ओमप्रकाश जालान रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़े रहे। कारोबार के साथ-साथ वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे।

सरल स्वभाव के लिए थे प्रसिद्ध

ओमप्रकाश जालान अपने सरल स्वभाव, व्यवहार कुशलता और कर्मठ व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। व्यापार और उद्योग जगत से जुड़े लोग उन्हें एक अनुभवी मार्गदर्शक के रूप में देखते थे।उनके करीबी लोगों का कहना है कि वह हमेशा नए उद्यमियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते थे। समाजसेवा के क्षेत्र में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण योगदान दिए, जिसके कारण शहर में उनकी अलग पहचान बनी।

प्रतिष्ठित जालान परिवार से था संबंध

ओमप्रकाश जालान प्रतिष्ठित जालान परिवार के बड़े पुत्र थे। उनके पिता युगुल किशोर जालान भी गोरखपुर के प्रसिद्ध उद्यमियों में शामिल रहे हैं। तीन भाइयों में ओमप्रकाश जालान सबसे बड़े थे।उनके भाई अशोक जालान भी गोरखपुर के प्रमुख उद्योगपतियों में गिने जाते हैं। गीडा स्थित उनकी अंकुर स्टील फैक्ट्री में अंकुर टीएमटी सरिया का निर्माण किया जाता है। यह एक इंटीग्रेटेड स्टील फैक्ट्री है। परिवार का टेक्सटाइल क्षेत्र में भी कारोबार है।उनके छोटे भाई विनोद जालान का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। वह भी उद्योग जगत से जुड़े हुए थे।

उद्योग जगत ने जताया दुख

ओमप्रकाश जालान के निधन पर गोरखपुर के उद्यमियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है। लोगों ने कहा कि उनके जाने से शहर ने एक अनुभवी उद्योगपति, समाजसेवी और मार्गदर्शक को खो दिया है।उनके योगदान को याद करते हुए व्यापार जगत से जुड़े लोगों ने कहा कि गोरखपुर के औद्योगिक विकास में उनकी भूमिका हमेशा याद की जाएगी। उनका निधन शहर के उद्योग और सामाजिक क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है।

Next Story