उत्तर प्रदेश

वाराणसी से बिहार तक नकली दवाओं का नेटवर्क, जांच में जुटी एसटीएफ

Admindelhi1
20 Nov 2026 1:21 PM IST
वाराणसी से बिहार तक नकली दवाओं का नेटवर्क, जांच में जुटी एसटीएफ
x
फर्जी स्ट्रिप में पैक कर बेचते थे दवाएं, गिरोह के कथित सरगना पर कार्रवाई

वाराणसी: प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम वाली फर्जी स्ट्रिप में नकली दवाएं पैक कर मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाने के आरोप में एसटीएफ ने अभिषेक सिंह उर्फ रवि को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने उसे गिरोह का सरगना बताया है। बुधवार देर रात चितईपुर थाना क्षेत्र की कर्दमेश्वरपुरम कॉलोनी में द लर्निंग प्वाइंट कोचिंग के पास कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी की जानकारी गुरुवार को दी गई।

अभिषेक मूल रूप से सोनभद्र जिले के अनपरा स्थित पतारू न्यू बस्ती परासी का निवासी है। वर्तमान में वह वाराणसी के कंदवा स्थित अंबे लेन, कर्दमेश्वरपुरम में रह रहा था। छापेमारी में एसटीएफ के साथ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम भी शामिल रही।

एसटीएफ के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति से नकली दवाएं खरीदने की जानकारी दी। आरोप है कि यह व्यक्ति हिमाचल प्रदेश के सोलन और बद्दी में प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से फर्जी स्ट्रिप तैयार करवाता था। इनमें मशीनों से नकली दवाएं पैक कराई जाती थीं, जिन्हें बाद में असली बताकर बेचा जाता था।

एजेंसी के मुताबिक, दवाओं की खेप बद्दी से कोरियर के जरिए वाराणसी के लहरतारा स्थित कार्यालयों पर मंगाई जाती थी। इसके बाद इन्हें गिरोह के साथी बताए गए सुरेंद्र नाथ मिश्रा के आवास और रोडवेज बस अड्डे के एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय में रखा जाता था। यहां से वाराणसी के मेडिकल स्टोरों के अलावा बसों के माध्यम से बिहार के मोहनिया, भभुआ और सासाराम सहित अन्य क्षेत्रों में सप्लाई की जाती थी।

एसटीएफ का कहना है कि गिरोह के सदस्य संपर्क के लिए जंगी एप पर फर्जी नामों से खाते बनाते थे। कारोबार का भुगतान नकद और बैंक खातों, दोनों माध्यमों से होता था। इन लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है।

पूछताछ में आरोपी के एक साथी की गिरफ्तारी के बाद बिहार चले जाने और कुछ समय बाद वाराणसी लौटकर दोबारा कारोबार में सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है। वर्ष 2023 में भी एसटीएफ ने इस गिरोह से जुड़े सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में नकली दवाएं बरामद की थीं। उस मामले में सिगरा थाने में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचना के दौरान अभिषेक के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र भी दाखिल किया जा चुका है।

एसटीएफ के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को रोहनिया थाने में दाखिल कराया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में भी छापेमारी की गई है। जांच एजेंसियां निर्माण स्थलों, अन्य सदस्यों और आपूर्ति नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं।

Next Story