- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Etawah: पत्नी की...
Etawah: पत्नी की मृत्यु के बाद युवक ने आत्महत्या की

इटावा: जिले के जसवंतनगर क्षेत्र के कटेखेड़ा गांव में पत्नी की मौत के गम में डूबे एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तीन माह पहले बीमारी के चलते पत्नी का निधन हो गया था, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय प्रवीण कुमार पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद में रहकर पुताई का काम करता था और वहीं से परिवार का खर्च चलाता था। बताया गया कि वह अपनी पत्नी रूबी से बेहद प्रेम करता था। रूबी की तबीयत लंबे समय से खराब चल रही थी, जिसका इलाज कराने के लिए प्रवीण ने भरसक प्रयास किए, लेकिन तीन महीने पहले बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही प्रवीण मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
प्रवीण की एक दो साल की मासूम बेटी भी है। परिजनों के अनुसार, आत्महत्या से एक दिन पहले वह अपने ससुराल सरायताल (बढ़पुरा) गया था, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वह रात को घर लौट आया और ऊपर के कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से फांसी लगा ली।
मंगलवार सुबह जब पड़ोसियों ने प्रवीण को घर से बाहर नहीं देखा तो उसे खोजने लगे। ऊपर के कमरे में जाकर देखा तो वह फांसी पर लटका मिला। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक रामदास और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।





