- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Etawah: डंपर चालक की...

इटावा: जसवंतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर को एक डंपर चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना इटावा-आगरा पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सराय भूपत गांव के सामने हुई, जहां सड़क किनारे खड़े गिट्टी से भरे डंपर में चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बृजेश उर्फ मुन्ना (45) पुत्र शिशुपाल सिंह, निवासी सलेमपुर थाना कुर्रा, तहसील करहल, जिला मैनपुरी के रूप में हुई है।
खून से टपकते डंपर से हुआ खुलासा
शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल से लौट रहे कुछ छात्रों ने सड़क किनारे खड़े डंपर से खून टपकता देखा। बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों को दी। कुछ ही देर में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही जसवंतनगर थानाध्यक्ष राम सहाय सिंह मौके पर पहुंचे। डंपर के अंदर चालक का शव पड़ा था, उसके सिर और गर्दन में गोलियों के निशान थे।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नागेंद्र चौबे फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि डंपर में चार अन्य लोग भी सवार थे, जो ग्रामीणों को देखते ही फरार हो गए।
परिजनों ने जताई पुरानी रंजिश की आशंका
मृतक के पिता शिशुपाल सिंह ने बताया कि उनके परिवार की कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। उन्होंने आशंका जताई कि इसी रंजिश के चलते उनके बेटे की हत्या की गई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि जल्द ही पुलिस को सभी जानकारी के साथ तहरीर दी जाएगी।
एसएसपी ने दी कार्रवाई की जानकारी
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि चालक की गोली मारकर हत्या की गई है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जसवंतनगर प्रभारी निरीक्षक और एसओजी सहित तीन टीमें गठित की गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। एसएसपी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।





