- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Etawah: शादी से पहले...
Etawah: शादी से पहले ब्यूटी पार्लर से रहस्यमय ढंग से लापता हुई दुल्हन

इटावा: मंगलवार को इटावा जिले में एक विवाह समारोह में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शादी की रस्मों से ठीक पहले दुल्हन ब्यूटी पार्लर से रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। तकरीबन पांच घंटे बाद जब दुल्हन बिना तैयार हुए अपने माता-पिता के साथ लौटी, तब तक माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो चुका था। दूल्हे ने नाराजगी जताते हुए शादी से इनकार कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच टकराव बढ़ गया।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मैरिज होम की है। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र की एक युवती की शादी एक युवक से तय हुई थी। विवाह की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और दोनों परिवार खुशी से समारोह की प्रतीक्षा कर रहे थे। तय कार्यक्रम के अनुसार दुल्हन को सजने के लिए ब्यूटी पार्लर भेजा गया था, लेकिन कुछ देर बाद वह संचालिका को बहाना बताकर बाहर निकल गई और फिर वापस नहीं लौटी।
परिजन जब उससे संपर्क नहीं कर पाए और उसका फोन भी बंद मिला, तो चिंता बढ़ गई। जल्द ही दुल्हन के गायब होने की खबर दूल्हे पक्ष तक पहुंची, जिससे वहां भी हड़कंप मच गया। तनाव के चलते दूल्हे के पिता को हार्ट अटैक आ गया, जिन्हें तत्काल सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
रात करीब 10 बजे दुल्हन अपने माता-पिता के साथ लौटी, मगर उसने न तो कोई स्पष्टीकरण दिया और न ही वह विवाह के लिए तैयार थी। इस पर नाराज दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिससे वधू पक्ष स्तब्ध रह गया।
दुल्हन के परिवार ने इस घटनाक्रम के पीछे दहेज मांग को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि शादी से पहले लड़के वालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग की थी, जिससे मानसिक दबाव में आकर दुल्हन यह कदम उठाने को मजबूर हुई। उन्होंने इस बाबत कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की मांग की है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। कोतवाली इंस्पेक्टर यशवंत सिंह ने बताया कि लड़की के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच चौकी प्रभारी को सौंपी गई है। दूल्हे पक्ष से भी पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





