उत्तर प्रदेश

एटा: प्रेमी ने की थी जूता व्यवसायी की हत्या, गिरफ़्तारी के बाद खुलासा किया

Admin Delhi 1
5 March 2022 2:47 PM GMT
एटा: प्रेमी ने की थी जूता व्यवसायी की हत्या, गिरफ़्तारी के बाद खुलासा किया
x

क्राइम न्यूज़: कोतवाली नगर क्षेत्र के नगला पोता दरगाह के पास बीती एक मार्च को जूता व्यवसायी की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को घटना का खुलासा किया है। हत्यारोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक की बहन का प्रेमी निकला। मृतक की बहन की शादी 07 मार्च को किसी अन्य लड़के से होने जा रही थी। इसी बात से क्षुब्ध होकर युवक को मौत के घाट उतारा गया था। पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने बताया कि शहर क्षेत्र के नगला पोता निवासी अबरार हुसैन एक मार्च की रात करीब आठ बजे बहन की शादी के कार्ड बांटकर बाइक से घर लौट रहा था। चूंकि उसकी बहन की शादी 07 मार्च को बदायूं के एक लड़के से होने जा रही थी। नगला पोता दरगाह के पास अबरार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई जियाउल हुसैन द्वारा अभियोग दर्ज कराया गया था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत होने की पुष्टि हुई थी।

हत्याकांड के खुलासे के लिए इंटेलिजेंस विंग, स्वाट टीम और कोतवाली नगर पुलिस को लगाया गया था। जांच पड़ताल में पता चला कि नगला पोता निवासी परवेज अबरार की बहन से प्यार करता था, जिससे वह जबरन शादी का दवाब बना रहा था। लेकिन प्रेमिका अपने भाईयों के कहे अनुसार अपनी शादी 07 मार्च को जनपद बदायूं के किसी लड़के से करने जा रही थी। अबरार ने 21 फरवरी को बहन को परवेज से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया था। बहन को गोली से मारने का प्रयास किया था, लेकिन मौसी की लड़की ने उसको बचा लिया था। इस बात की जानकारी परवेज को हुई तो उसने ठान ली कि वह अबरार को जिंदा नहीं छोडे़गा। इस पर मृतक की बहन ने प्रेमी को समझाया कि उसकी शादी होने वाली है, अब उसको भूल जाए। परवेज ने कहा कि वह किसी दूसरे व्यक्ति के साथ शादी नहीं होने देगा, चाहे कितने भी लोगों को मारना पड़े। इसी बात को लेकर एक मार्च को परवेज ने अबरार की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस द्वारा अबरार के कमरे से वह तमंचा बरामद किया, जिससे बहन पर गोली चलाई थी। वह असलहा भी पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर लिया, जिससे आरोपी ने अबरार की हत्या की थी। एसएसपी का कहना है कि हत्यारे को जेल भेज दिया गया है तथा इस वारदात में शामिल अन्य दो लोगों की तलाश की जा रही है।

Next Story