उत्तर प्रदेश

Eta: अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 8 मार्च को, आवेदन प्रक्रिया संपन्न

Admindelhi1
25 Feb 2026 2:38 AM IST
Eta: अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 8 मार्च को, आवेदन प्रक्रिया संपन्न
x

एटा: जनपद में श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया तेज हो गई है। कक्षा छह और कक्षा नौ में प्रवेश के लिए 300 से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इन अभ्यर्थियों की प्रवेश परीक्षा आगामी 8 मार्च को आयोजित की जाएगी, जिसके लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित कर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

श्रम विभाग द्वारा संचालित यह आवासीय विद्यालय आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को बेहतर शैक्षिक अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। जिन परिवारों के पास संसाधनों का अभाव है और बच्चे निजी विद्यालयों में पढ़ाई करने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए यह योजना वरदान साबित हो रही है। विद्यालय में चयनित छात्रों को आवास, भोजन, पुस्तकें और अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी राजबाबू ने बताया कि प्रवेश परीक्षा 8 मार्च को शहर के जीटी रोड स्थित गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। फरवरी माह के अंत तक सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

आंकड़ों के अनुसार कक्षा छह के लिए 170 तथा कक्षा नौ के लिए 155 बच्चों ने आवेदन किया है। विभागीय स्तर पर आवेदनों की जांच की जा रही है और पात्र विद्यार्थियों की सूची तैयार की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद चयनित विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा और नए शैक्षिक सत्र से उनकी पढ़ाई प्रारंभ होगी।

अटल आवासीय विद्यालय की यह व्यवस्था राज्य सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य श्रमिकों के बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना और उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा देना है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर बच्चों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचाएं और प्रवेश से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्ण करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को योजना का पूरा लाभ मिल सके।

Next Story