- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- तबीयत बिगड़ने पर भड़के...
उत्तर प्रदेश
तबीयत बिगड़ने पर भड़के परिजन तांत्रिक की हत्या कर शव छिपाया
Ratna Netam
14 Aug 2026 9:16 PM IST

x
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में तंत्र-मंत्र से इलाज कराने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने से नाराज परिजनों ने कथित रूप से एक तांत्रिक की हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात छिपाने के लिए शव को बोरी में भरकर रमना क्षेत्र में कचरे के ढेर के पास फेंक दिया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए लकड़ी के स्टूल, गैस सिलेंडर, लोहे की रॉड और म्यूजिक सिस्टम बरामद करने का दावा किया गया है।एडीसीपी वरुणा लिपि नगायच और एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में वारदात की जानकारी दी। मृतक की पहचान लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के गोइठहां स्थित ओम नगर कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय अनीश उपाध्याय के रूप में हुई। अनीश तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ का काम करता था।
पुलिस के अनुसार अनीश की पत्नी गुंजा ने सात जुलाई को पति के लापता होने की सूचना लालपुर-पांडेयपुर थाने में दी थी। पुलिस गुमशुदगी दर्ज करके उसकी तलाश कर रही थी। इस बीच 13 अगस्त को गुंजा ने अज्ञात शव की तस्वीरों और शरीर पर बने गोदने के आधार पर पति की पहचान की। इसके बाद उसने हत्या कर शव छिपाने की आशंका जताते हुए पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पूरी घटना सामने आ गई।गिरफ्तार आरोपियों में मिर्जापुर के चुनार स्थित प्रेमापुर निवासी तीन सगे भाई सोनू, विशाल और विकास गौंड शामिल हैं। इनके अलावा कानपुर के नवाबगंज स्थित मोहानी घाट निवासी ममेरे भाई अभिषेक उर्फ रोहित कश्यप और मोहित कश्यप तथा सिगरा के निराला नगर निवासी साहिल गोंड को गिरफ्तार किया गया है। मिर्जापुर निवासी तीनों भाई कंदवा के कंचनपुर में किराये के मकान में रहते थे।
पुलिस पूछताछ में सोनू ने कथित रूप से बताया कि मार्च में उसका संपर्क अनीश उपाध्याय से हुआ था। अनीश ने उसके भाई विकास और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों की बीमारी के पीछे भूत-प्रेत का साया होने की बात कही थी। उसने तंत्र-मंत्र के जरिए समस्या दूर करने का दावा किया और कंचनपुर स्थित किराये के मकान में कई बार पूजा-पाठ किया।जून में विकास की तबीयत अधिक खराब हो गई। आरोप है कि अनीश ने चार-पांच दिनों तक पूजा की लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में विकास को इलाज के लिए कानपुर में भर्ती कराना पड़ा। इसी बात से नाराज तीनों भाइयों ने अपने ममेरे भाइयों और दोस्त की सहायता से अनीश की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने साहिल पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर 30 जून को अनीश को कंचनपुर स्थित मकान पर बुलाया। एक जुलाई की दोपहर जब वह कमरे में पूजा कर रहा था तभी आरोपियों ने म्यूजिक सिस्टम पर तेज आवाज में गाने बजाए और कथित रूप से लकड़ी के स्टूल, गैस सिलेंडर तथा लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।वारदात के बाद आरोपियों ने कमरे में पड़े खून के निशान साफ किए। दुर्गंध छिपाने के लिए रूम फ्रेशनर और बॉडी स्प्रे का इस्तेमाल किया गया। उसी रात शव को बोरी में भरकर स्कूटी पर रखा गया और रमना इलाके में कचरे के ढेर के पास फेंक दिया गया। अन्य आरोपी बाइक से आगे-पीछे चलते रहे।
अगले दिन लंका पुलिस ने अज्ञात शव बरामद किया था। मृतक के एक हाथ पर ‘मां’ और दूसरे पर पत्नी का नाम ‘गुंजा’ गुदा था। पुलिस ने तस्वीरें सोशल मीडिया समूहों में साझा की थीं लेकिन उस समय पहचान नहीं हो सकी। बाद में लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने तस्वीरें दिखाईं तो पत्नी ने शव की पहचान की। इसके बाद सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और फिर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले से जुड़े साक्ष्यों को एकत्र कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
TagsOutraged family membersTantrikmurdercorpseconcealed.भड़केपरिजनतांत्रिकहत्याशवछिपायाजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





