उत्तर प्रदेश

नोएडा में आधी रात मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद आरोपी गिरफ्तार

nidhi
16 Oct 2026 9:54 AM IST
नोएडा में आधी रात मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद आरोपी गिरफ्तार
x
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा
नोएडा: सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में बुधवार आधी रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, गढ़ी गोल चक्कर के पास रोकने का इशारा किए जाने पर बाइक सवार भागने लगा और घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-63 थाना पुलिस गढ़ी गोल चक्कर के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सर्विस रोड की तरफ से बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि उसने रुकने के बजाय यू-टर्न लिया और तेज गति से भागने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, टीम ने बाइक सवार का पीछा किया। कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद आरोपी ने मौके से निकलने की कोशिश करते हुए पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की। पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम उर्फ शिवम उर्फ शुभम राजपूत के रूप में हुई है। वह सेक्टर-63 क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, लूटपाट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आपराधिक विवरण में वर्ष 2017 से 2026 के बीच कुल 16 मुकदमों का उल्लेख है। इनमें चोरी का माल रखने और एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामले भी शामिल हैं। ये मुकदमे गौतमबुद्धनगर और दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज बताए गए हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है। बरामद मोटरसाइकिल और हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी को अस्पताल भेजने के साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Next Story