- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Checking, के दौरान...
Checking, के दौरान मुठभेड़, तमंचे संग बदमाश पकड़ा गया

Fatehpur फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। चांदपुर थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ चांदपुर थाना क्षेत्र के गूढ़ेश्वर मंदिर के पास हुई। बुधवार भोर पहर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां नजर आईं। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
मुठभेड़ के दौरान बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने घायल बदमाश को पकड़ लिया और तत्काल उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार समेत कई सामान बरामद किए हैं।चांदपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वृंदावन राय ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान धर्मेंद्र पुत्र विशालू निवासी कंजरन डेरा, मजरा नोनारा, थाना जहानाबाद के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान गोलू पुत्र विनोद निवासी कंचनपुर, थाना बिंदकी के रूप में हुई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 3400 रुपये नकद और चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई एक पैशन प्लस बाइक बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान के आधार पर आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।थाना प्रभारी के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाश धर्मेंद्र के खिलाफ फतेहपुर सहित अन्य जिलों के विभिन्न थानों में 10 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी गोलू के खिलाफ भी करीब 13 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से जुड़ी अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम गश्त कर रही थी, तभी यह कार्रवाई हुई। पुलिस अब फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी सहित अन्य घटनाओं में शामिल गिरोह का खुलासा किया जाएगा।





