- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- रबूपुरा में पुलिस और...
उत्तर प्रदेश
रबूपुरा में पुलिस और हत्यारोपियों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश गोली लगने से घायल, दो अन्य गिरफ्तार
jantaserishta.com
16 Nov 2026 8:39 AM IST

x
ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर के थाना रबूपुरा क्षेत्र में पुलिस और हत्यारोपी बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। 15 नवंबर को चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश पुलिस को देखकर रुकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। खुद को पुलिस से घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी 8 नवंबर को रबूपुरा क्षेत्र में हुई इस्माइल की हत्या के मामले में शामिल थे। पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को थाना रबूपुरा पुलिस टीम पुरानी मिर्जापुर रोड से रुस्तमपुर की तरफ जाने वाली सड़क के टी-प्वाइंट पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-20, यीडा की तरफ से दो मोटरसाइकिलों पर कुछ संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन मोटरसाइकिल सवारों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।
घायल बदमाशों की पहचान राजकुमार पुत्र स्वर्गीय महीपाल निवासी ग्राम गेसूपुर भराना, थाना सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर, उम्र 22 वर्ष और सचिन पुत्र पप्पू निवासी ग्राम बझेड़ा, थाना कपूरपुर, जनपद हापुड़, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं, उनके दो अन्य साथी कमल पुत्र स्वर्गीय कालू निवासी ग्राम गेसूपुर, थाना सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर, उम्र 26 वर्ष और हरेंद्र उर्फ हतेन्द्र पुत्र स्वर्गीय बृजपाल निवासी ग्राम गेसूपुर भराना, थाना सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर, उम्र 30 वर्ष को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस और दो कारतूस .315 बोर बरामद किए हैं। इसके अलावा दो मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध चाकू और लोहे की मोटी रॉड का एक टुकड़ा भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों हथियार हत्या की वारदात में इस्तेमाल किए गए थे। इसके अतिरिक्त चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों में एक प्लास, एक पेचकस और पांच प्लास्टिक के खाली कट्टे भी बरामद किए गए हैं।
मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि चारों आरोपी 8 नवंबर 2026 को चोरी करने के इरादे से थाना रबूपुरा क्षेत्र में नहर के किनारे स्थित एक खेत में पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों ने इस्माइल पुत्र शेर मौहम्मद उर्फ शेरा निवासी ग्राम मेंहदीपुर, थाना रबूपुरा, जनपद गौतमबुद्धनगर की हत्या कर दी थी।
इस घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने क्षेत्र में चोरी की अन्य कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है और बरामद हथियारों तथा मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल किन-किन वारदातों में किया गया था।
TagsRabupura
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





