उत्तर प्रदेश

इटावा में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, 30 मुकदमों वाला आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
19 Nov 2026 1:25 PM IST
इटावा में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, 30 मुकदमों वाला आरोपी गिरफ्तार
x
पुलिस को देखते ही बदमाश ने चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में हुआ घायल

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में बुधवार देर रात बकेवर थाना पुलिस और छिनैती के मामले में वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की है।

एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने गुरुवार को बताया कि बकेवर पुलिस को सूचना मिली थी कि भरथना थाना क्षेत्र में हुई छिनैती की घटना का वांछित आरोपी इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने निवाड़ी कला के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान होंडा शाइन मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस के अनुसार युवक ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान पुत्र अजीज अली के रूप में हुई है। वह मूल रूप से इकदिल थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल पंप के पास का रहने वाला है और वर्तमान में इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की आसरा कॉलोनी में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी होंडा शाइन मोटरसाइकिल और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।

एसपी ग्रामीण के अनुसार, सलमान के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 30 मुकदमे दर्ज हैं। इसी मामले में उसके साथी अनुज शाक्य पुत्र राजकुमार निवासी रम्पुरा, थाना किशनी, जिला मैनपुरी को पुलिस पहले ही 17 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

फिलहाल पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Next Story