- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Rain में करंट के खतरे...
Rain में करंट के खतरे को रोकने की कवायद, बिजली पोल ढकने में जुटा विभाग

Hapur हापुड़ : पवित्र कांवड़ यात्रा को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। लाखों की संख्या में पहुंचने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन के साथ-साथ विभिन्न विभाग भी अपने स्तर पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गए हैं। इसी क्रम में हापुड़ विद्युत विभाग ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान शुरू कर दिया है।
कांवड़ यात्रियों को बिजली से जुड़े किसी भी हादसे से बचाने के लिए विद्युत विभाग की टीमें शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरने वाले प्रमुख कांवड़ मार्गों पर लगातार निरीक्षण कर रही हैं। विभाग की ओर से बिजली के खंभों को विशेष प्लास्टिक पिन्नी (पॉलीथिन) से ढकने का काम किया जा रहा है, ताकि बारिश और नमी के कारण खंभों में करंट उतरने की आशंका को कम किया जा सके।
विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों से होकर गुजरते हैं। बारिश के मौसम में बिजली के खंभों और तारों से जुड़े खतरे बढ़ सकते हैं। ऐसे में एहतियात के तौर पर सभी संवेदनशील स्थानों की जांच की जा रही है और सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
विभागीय टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ मार्गों पर लगे बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों की स्थिति की नियमित निगरानी की जाए। जहां भी किसी तरह की तकनीकी खराबी या खतरे की संभावना दिखाई दे रही है, वहां तत्काल सुधार कार्य कराया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। बिजली विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी।
हापुड़ विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन त्रिवेदी ने स्थानीय लोगों, कांवड़ समितियों और शिवभक्तों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि कांवड़ शिविर, भंडारे और अन्य अस्थायी व्यवस्थाएं बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और हाईटेंशन लाइनों से पर्याप्त दूरी पर ही लगाई जाएं।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी किसी बड़े हादसे को रोक सकती है। शिविर संचालकों को बिजली कनेक्शन लेते समय सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान बिजली के खंभों, खुले तारों और विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखें।
विद्युत विभाग का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन, विभागीय कर्मचारियों और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। लोगों के सहयोग से ही यात्रा को दुर्घटनामुक्त बनाया जा सकता है।
विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कहीं बिजली से संबंधित कोई समस्या दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।





