उत्तर प्रदेश

यूपी में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान जमकर हंगामा, भिड़े नेता-कार्यकर्ता...देखें मारपीट, पथराव और लाठीचार्ज का वीडियो

jantaserishta.com
10 July 2021 3:14 PM IST
यूपी में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान जमकर हंगामा, भिड़े नेता-कार्यकर्ता...देखें मारपीट, पथराव और लाठीचार्ज का वीडियो
x

यूपी में ब्लॉक प्रमुख के 476 पदों के लिए मतदान जारी है। मतदान के दौरान बाराबंकी, रायबरेली, सुलतानपुर, लखीमपुर खीरी समेत कई जिले बवाल की खबरें आ रही है। सुलतानपुर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दी है। वहीं बाराबंकी में दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। पुलिस से भी नोकझोंक हुई है। लखीमपुर खीरी में भी बीडीसी मतदाता के वोट को लेकर पुलिस और भाजपा समर्थक भिड़ गए। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। मतदान केंद्रों पर पीएसी ने मोर्चा संभाला है। चुनाव में कुल 145 कंपनी पीएसी लगाई गई है। मतदान के दौरान हिंसा की आशंका को देखते हुए संवदेनशील जिलों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। बाराबंकी के देवा में समय से पहले ही पूरा वोट पड़ा।



ब्लॉक प्रमुख नामांकन से शुरू हुआ बवाल अब तक थमा नहीं है। नामांकन के बाद मतदान के दिन भी यूपी के कई जिलों में बवाल हुआ। लखीमपुर खीरी जिले के नकहा ब्लॉक में एक वोट को लेकर बवाल खासा बवाल हुआ। इस दौरान पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ गया। यहां बीडीसी मतदाता के वोट को लेकर भाजपा समर्थक और पुलिस आपस में भिड़ गए। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को गेट से भगाया तो सभी हाईवे पर पहुंच गए और दोपहर करीब डेढ़ बजे जाम लगाने की कोशिश करने लगे। इससे पहले ब्लॉक प्रमुख नामांकन के दिन यहां हुई महिला से बदसलूकी का मामला अभी तक गर्माया हुआ है। इसको लेकर सीएम योगी ने कार्रवाई करते हुए सीओ इंस्पेक्टर समेत छह पुलिस कर्मियों को सस्पेंड भी कर चुके हें।


वहीं बाराबंकी में त्रिवेदीगंज ब्लॉक में भाजपा और भाजपा के ही बागी प्रत्याशी गुट में मारपीट और पथराव हुआ। पुलिस को यहां भी लाठियां फटकारनी पड़ीं। बवाल को देखते हुए कुछ देर के लिए लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर पुलिस ने यातायात बंद करा दिया। आम्बेडकरनगर जिले के जलालपुर में विधायक सुभाष राय व पुलिस के बीच विवाद और धक्कामुक्की हुई। विवाद की सूचना पर भाजपा नेता बीडीसी सदस्यों को लेकर मतदान केंद्र पहुंचे। इसके बाद सुभाष राय भी अपने लोगो को लेकर जाने का प्रयास करने लगे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।


ब्लॉक प्रमुख चुनाव में एक बार फिर से सियासत गर्मा गई है। मतदान के दौरान यूपी के कई जिलों में बवाल, हंगामा और मारपीट हुई है। कई जगहों पर गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। अमरोहा में भाजपा और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। हमीरपुर में भी मतदान के दौरान जमकर बवाल हुआ। मारपीट के दौरान कई लोग घायल भी हुए हैं। मतदान के दौरान हुए बवाल में काफी नुकसान हुआ है। मतदान केन्द्रों के बाहर हंगामा कर रहे लोगों पर पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ गया है। वहीं सिद्धार्थनगर में भी बवाल की सूचना है। यहीं बीडीसी सदस्य के साथ मारपीट और भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप है।



jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story