उत्तर प्रदेश

नशे में चूर युवक ने दाग दी दोस्त के सीने में गोली

Admin4
9 March 2023 1:23 PM GMT
नशे में चूर युवक ने दाग दी दोस्त के सीने में गोली
x
मुरादाबाद। होली के दिन नशे में चूर एक युवक अपने ही दोस्त की जान से खेल बैठा। दिल दहलाने वाली वारदात भगतपुर थाना क्षेत्र में चतरपुर गांव की है। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर हत्या का नामजद केस दर्ज करते हुए पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश में जुटी है। वारदात के करीब 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। एहतियातन गांव में फोर्स तैनात की गई है।
भगतपुर थाना क्षेत्र के चतरपुर गांव का रहने वाला 32 वर्षीय सुन्दर सिंह होली के मौके पर बुधवार को घेर में बैठकर गांव के ही दोस्त सुखदेव सिंह के साथ शराब का सेवन कर रहा था। नशे के सेवन के दौरान ही दोनों दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर तकरार शुरू हो गई। सुंदर सिंह के बड़े भाई बिजेन्द्र सिंह के मुताबिक कहासुनी के दौरान सुखदेव ने तमंचा निकाल कर सुंदर के सीने पर गोली दाग दी। गोली की आज सुनकर परिजनों के होश फाख्ता हो गए। अनहोनी की आशंका में सुंदर का छोटा भाई सुरेश घेर की ओर दौड़ा। वहां लहुलूहान सुंदर जमीन पर पड़ा मिला। उधर वारदात अंजाम देने के बाद सुखदेव घटना स्थल से भाग रहा था। खून से लथपथ भाई को देख सुरेश ने शोर मचाया। परिजन घटना स्थल पहुंचे। आनन फानन में घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर लाया गया। वहां चिकित्सकों ने सुंदर को देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस बीच घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
एसपी ग्रामीण संदीप कुमार मीणा व ठाकुरद्वारा सीओ अर्पित कपूर के अलावा भगतपुर थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शव कब्जे में लेने के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की फील्ड यूनिट मौके पर बुलाई गई। फील्ड यूनिट से घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर सुखदेव के खिलाफ हत्या का नामजद केस दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है। हत्यारोपी की गिरफ्तारी की कोशिश में पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Next Story