उत्तर प्रदेश

Lucknow में ड्रग तस्करी का खुलासा, दो आरोपी पकड़े गए

Admindelhi1
9 July 2025 8:21 PM IST
Lucknow में ड्रग तस्करी का खुलासा, दो आरोपी पकड़े गए
x

लखनऊ: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 1.540 किलोग्राम चरस बरामद की गई है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान मनीष तिवारी, निवासी गोरखपुर, और सुधीर पांडेय, निवासी सारण, बिहार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी नेपाल से भारत में चरस की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।

एसटीएफ की टीम ने इन तस्करों को लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र स्थित वीराज टावर के पास से उस वक्त पकड़ा, जब वे चरस की खेप लेकर गोरखपुर की ओर रवाना होने वाले थे। गिरफ्तारी रात करीब 8:15 बजे की गई।

क्या-क्या बरामद हुआ?

1.540 किलोग्राम चरस (अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग ₹10 लाख)

₹1550 नकद

दो मोबाइल फोन

एक आधार कार्ड

मुखबिर की सूचना से मिली सफलता

एसटीएफ को बीते कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि नेपाल के रास्ते उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। इसी कड़ी में पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में एसटीएफ की एक विशेष टीम गठित की गई। 7 जुलाई की रात एक मुखबिर ने सूचना दी कि दो व्यक्ति कानपुर से चरस लेकर लखनऊ होते हुए गोरखपुर जा रहे हैं। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उपनिरीक्षक जावेद आलम के नेतृत्व में कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

पूछताछ में सामने आए चौंकाने वाले खुलासे

पूछताछ के दौरान दोनों तस्करों ने बताया कि मनीष तिवारी के पिता संतोष तिवारी, पिछले ढाई वर्षों से नेपाल के वीरगंज जेल में एक एक्सीडेंट केस में बंद हैं। वहीं, सुधीर पांडेय भी दो साल तक उसी जेल में रहा है, जहां उसकी मुलाकात संतोष से हुई थी। जेल से छूटने के बाद वीरगंज निवासी संजीत शाह, जो नेपाल से भारत में चरस की तस्करी करता है, ने सुधीर और मनीष को चरस लाने की जिम्मेदारी दी।

यह खेप गोरखपुर पहुंचाई जानी थी, जहां से इसे हरियाणा के रोहतक निवासी बलजीत उर्फ ‘ताऊ’ के बेटे को सौंपा जाना था। हालांकि पैसे की कमी के चलते 10 किलोग्राम की डील अधूरी रह गई और केवल 1.5 किलो चरस ही सौंपा गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के खिलाफ विभूतिखंड थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Next Story