उत्तर प्रदेश

कांवड़ यात्रा मार्ग का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण

SHIDDHANT
23 July 2026 12:04 AM IST
कांवड़ यात्रा मार्ग का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण
x
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मुजफ्फरनगर सीमा से लेकर शामली तक पूरे कांवड़ रूट का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी आलोक यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू आवागमन को ध्यान में रखते हुए मार्ग की स्थिति, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।
डीएम ने बताया कि विद्युत विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ मार्ग पर लगे बिजली के खंभों की उचित इंसुलेशन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। इसके साथ ही मार्ग पर साफ-सफाई बनाए रखने और नियमित रूप से कूड़ा निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। रास्तों पर प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु विभिन्न मार्गों से होकर गुजरते हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण कर कमियों को दूर किया जा रहा है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों से कहा है कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं।
Next Story