उत्तर प्रदेश

जिलाधिकारी ने प्लास्टिक शवयात्रा को झंडी दिखाकर किया रवाना

Kiran
30 Sept 2023 4:27 PM IST
जिलाधिकारी ने प्लास्टिक शवयात्रा को झंडी दिखाकर किया रवाना
x
अलीगढ़: जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने स्वच्छता पखवाड़े के तहत कलक्ट्रेट से सिंगल यूज प्लास्टिक शवयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत मा0 प्रधानमंत्री जी के आव्हान एवं मा0 मुख्यमंत्री जी की पहल पर प्रत्येक ग्राम को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए अलीगढ़ में विशेष कार्यक्रम संचालित किया जा रहे हैं। इसके लिए गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि प्लास्टिक को अपने जीवन से हटा सकें। आप सभी के द्वारा जाने अनजाने में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग किया जा रहा है उसका एकत्रीकरण कर रिसाइकिल के लिए अपने संसाधन केंद्रों पर लाया जा रहा है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र में दो एवं शहरी इलाके के लिए एक बड़ा संसाधन केंद्र बनाया गया है। यहां एकत्रित प्लास्टिक की रिसाइकलिंग की जाती है। डीएम ने कहा कि प्लास्टिक मुक्त ग्राम, शहर, प्रदेश और भारत बनाने का यह स्थाई इलाज नहीं है, बल्कि हमें प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का विनिर्माण, परिवहन, भंडारण एवं उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ है। जन जागरूकता के अभाव में, लोगों में चेतना ना होने के कारण एवं प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी न होने के कारण पर्यावरण को क्षति पहुंचाने वाली सिंगल यूज प्लास्टिक का लोगों के द्वारा प्रयोग किया जा रहा है, जिसे हमें हर हाल में बंद करना होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती 2 अक्टूबर के पूर्व लगभग 3000 प्लास्टिक बोरे जो विभिन्न माध्यम से गांव से एकत्रित किए गए हैं, उसकी शव यात्रा का आयोजन कर संसाधन केंद्रों पर ले जाने के लिए हरी झंडी दिखाई गई है। उन्होंने अलीगढ़ वासियों से अपील करते हुए कहा कि वह प्लास्टिक के प्रयोग से बचें। घर से बाहर निकलते समय कपड़े या जूट का थैला लेकर निकलें। यदि कोई अज्ञानता बस प्लास्टिक का प्रयोग करता है, इधर-उधर फेंकता है तो उसे समझाएं। आपके समझाने, रोकने से, आपके स्वच्छता एंबेसडर बनने से इस प्रवृत्ति पर अवश्य अंकुश लगेगा। सरकार की मंशा पूरी होगी और पर्यावरण भी शुद्ध होगा। उन्होंने कहा कि लाखों करोड़ों की संख्या में पर्यावरण को गंदा करने के लिए जो हाथ उठ रहे हैं उस गन्दगी को दो हाथ साफ नहीं कर सकते हैं। यदि आपके यह सारे हाथ सफाई कर्मचारियों के हाथ बन जाएंगे, तो हमारा वातावरण, परिवेश अवश्य स्वच्छ और साफ हो सकता है। उन्होंने आव्हान किया कि आईए हम सभी कोशिश करें कि घर या बाहर सिंगल यूज़ प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें।
डीपीआरओ ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े में प्रत्येक ग्राम पंचायत से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग ना करने की शपथ कराकर प्लास्टिक मुक्त पंचायत अभियान चलाया गया है। सभी सफ़ाई कर्मियों द्वारा कचरा मुक्त भारत बनाने में सफ़ाई के साथ साथ कचरे के प्लास्टिक को एकत्रित किया गया है। ग्राम पंचायतों से एकत्रित प्लास्टिक को रिसाइकिल करने के लिए विकास खंड चंडौस में रामपुर शाहपुर व विकास खंड लोधा में लोधा पंचायत में निर्मित प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन इकाई ¼PWMU½ में ले जाया रहा है।
Next Story