- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पांच घटे तक फंसे रहे...

पिछले 24 घंटे से शिवालिक पहाड़ियों एवं मैदानी क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश से रविवार को क्षेत्र की सभी बरसाती नदियां उफान पर रही। शाकुंभरी खोल में आई बाढ़ के उफान से श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। श्रद्धालुओं ने आसपास सुरक्षित स्थान पर जाकर अपनी जान बचाई। करीब 5 घंटे बाद खोल में पानी कम होने के बाद ही स्थानीय पुलिसकर्मियों ने रेस्क्यू कर टापू पर फसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला।
शनिवार देर रात से ही शिवालिक पहाड़ियों एवं मैदानी क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। जिसके चलते शिवालिक पहाड़ियों से निकलने वाली शाकुंभरी खोल, बड़कला खोल, चपड़ी खोल, सहश्ना खोल, चाचा राव नदी, नागा देव नदी, सहित दर्जन भर नदिया बाढ़ के उफान से लबालब रही। इसके चलते दर्जनभर गांव का संपर्क भी तहसील मुख्यालय से कटा रहा।
प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ के मद्देनजर बनाई गई बाढ़ चौकियां अस्तित्वहीन नजर आयी। इन चौकियों का स्थानीय लोगों को कोई फायदा नहीं पहुंच पा रहा है। रविवार को सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी दर्शन को आए सैकड़ों श्रद्धालु बाढ़ के चलते खोल में टापू पर फंस गए, जिन्हें स्थानीय पुलिसकर्मियों ने करीब 5 घंटे बाद रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।