उत्तर प्रदेश

शिवालयों पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, श्रद्धालुओं ने महादेव का जलाभिषेक कर मांगी मन्नतें

Admin Delhi 1
19 Feb 2023 7:59 AM GMT
शिवालयों पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, श्रद्धालुओं ने महादेव का जलाभिषेक कर मांगी मन्नतें
x

मुजफ्फरनगर: महाशिवरात्रि के मद्देनजर जनपद में हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवालयों में जलाभिषेक किया गया। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आगे बढ़ रहे कांवड़ियों ने शिव मूर्ति की परिक्रमा कर भगवान आशुतोष के सामने शीश नवाया और जलाभिषेक कर अपनी मन्नतें मांगी।

मुजफ्फरनगर का कांवड़ पटरी मार्ग भी शिव भक्तों के जयघोष से गुंजायमान रहा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आये डाक कांवड़ियों का शोर कानों में गूंजता रहा। दुपहिया व चौपहिया वाहनों पर तेज गति से जाने वाले डाक कांवड़ियों को व्यवस्थित करने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पडी।

महाशिवरात्रि के लिए शहर के हृदय स्थल शिवचौक और देहात के सभी शिवालय, देवालय और मंदिरों को सजाया गया। मंदिरों में जलाभिषेक की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थी। शहर की हृदय स्थली कहे जाने वाली शिवमूर्ति पर जलाभिषेक करने वालों की लंबी कतार लगी रही।

महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाकर शिवालय में चढ़ाते रहे। कांवड़ पटरी मार्ग से होकर डाक कावड़ शिवभक्त हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवालय की ओर बढ़ते रहे और पुरा महादेव जाकर जलाभिषेक किया। शहर में श्रद्धालु सबसे अधिक शिव मूर्ति पर जलाभिषेक करने पहुंचे, जहां पर लम्बी-लम्बी कतारें लगी रही। कडी सुरक्षा के बीच पुलिस भी व्यवस्था बनाने में जुटी रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने भी शिव चौक पहुंचकर भगवान आशुतोष के समक्ष माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा बोहरो वाला मंदिर, गांधी कालोनी के लक्ष्मी नारायण मंदिर, सुभाष नगर का शिव दुर्गा मंदिर आदि मंदिरों में भी जलाभिषेक हुआ।

महाशिवरात्रि पर्व पर शिव चौक को भव्य रूप से सजाया गया और रंगीन रोशनी में नहाया शिव चौक श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। भगवान शिव की प्रतिमा का भी भव्य श्रृंगार किया गया। इसके अलावा गांधी कालोनी के अनंतेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की लम्बी-लम्बी कतारें लगी रही।

मंदिर के पुजारी मंहत सर्वानंद पुरी की देखरेख में आज सुबह से ही महादेव पर जलाभिषेेक होने लगा था। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से अपने ईष्ट पर जलाभिषेक कर मन्नते मांगी। इनके अलावा शुकतीर्थ में जानसठ के प्राचीन महादेव मंदिर, खतौली के मराठा कालीन झारखंड शिवालय, नागेश्वर मंदिर, थानेश्वर मंदिर, शिवालय में भी भारी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक किया।

Next Story