- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Deoria: तीन युवक नदी...

देवरिया: नवरात्र के मौके पर सोमवार की सुबह सरयू नदी में बड़ा हादसा हो गया। बरहज थाना क्षेत्र के नर्वदेश्वर घाट पर कलश भरने गए चार युवक अचानक नदी में डूबने लगे। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से एक युवक को तो बचा लिया गया, लेकिन तीन युवक अब भी लापता हैं। गोताखोर और पुलिस बल लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
घटना में गांगुली निषाद पुत्र बाबूलाल निषाद को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जबकि विवेक (19) पुत्र बेचन, रंजीत (21) पुत्र अच्छेलाल और चंद्रशेखर पुत्र कोमल का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
हादसे की खबर लगते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। डूबे हुए युवकों के स्वजन घटनास्थल पर पहुंचकर बदहवास हालत में रो-रोकर बिलखते रहे। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है, लेकिन नदी की गहराई और तेज धारा के कारण गोताखोरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग इस दर्दनाक घटना से गमगीन हैं और परिजनों को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं।





