- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Deoria: कठोर निर्देश...

देवरिया: जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने लापरवाही बरतने के आरोप में रुद्रपुर के थाना प्रभारी रंजीत सिंह सिसोदिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
13 जून को रुद्रपुर क्षेत्र के विठलपुर गांव में एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दिख रहा है कि हरिभजन उर्फ भोलू निषाद (उम्र 22 वर्ष) को दो युवक बेरहमी से पीट रहे हैं, जबकि एक अन्य युवक वीडियो बना रहा है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना में घायल भोलू को पहले देवरिया मेडिकल कॉलेज और फिर गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां 21 जून को उसकी मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे में धाराएं बढ़ा दीं और मुख्य आरोपी राज निषाद को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया।
दो आरोपी अब भी फरार: इस मामले में रतनदीप निषाद और सनी निषाद नाम के दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाल पर लापरवाही का आरोप: पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के मुताबिक, शुरुआती जांच में थाना प्रभारी रंजीत सिंह सिसोदिया की भूमिका संदिग्ध और लापरवाहीपूर्ण पाई गई, जिस कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने साफ किया कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।





