- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Deoria: योगी सरकार की...
Deoria: योगी सरकार की एंटी-करप्शन नीति पर विपक्ष का हमला

देवरिया: केंद्र सरकार की अति महत्वकांक्षी योजना मनरेगा भ्रष्टाचार की चपेट में है। विकास योजनाओं के तहत मनरेगा द्वारा पोखरी में जेसीबी मशीन से कार्य कराने और अन्य विकास कार्यों में जनता के धन की लूट का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत कर्ता ने बीडीओ से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन भ्रष्टाचार में संलिप्त बीडीओ ने आरोपी सचिव से ही फर्जी निस्तारण कराकर प्रकरण को दबा दिया जिसको लेकर योगी सरकार के जीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन के दावे सवालों के घेरे में हैं।
मामला है जनपद के विकास खंड बैतालपुर के ग्राम पंचायत बांसपार बुजुर्ग का। ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के अंतर्गत पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय, हैंडपंप रिबोर, मरम्मत, खड़ंजा व इंटरलॉकिंग कार्य में वित्तीय अनियमितता और मानकों की जमकर अनदेखी की गयी है। आरोप है कि पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक ने मिलीभगत से लाखों रुपये की बंदरबांट करते हुए अपनी जेबें भर डाली है। सूत्रों का कहना है कि प्रकरण में विकास खंड कार्यालय से लेकर विकास भवन कार्यालय तक का संरक्षण प्राप्त है। इस मामले में सीडीओ से पक्ष लेने का प्रयास किया गया परन्तु खबर लिखे जाने तक उनसे सम्पर्क नहीं हो सका।





