- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Deoria: सड़क पार कर...
Deoria: सड़क पार कर रही महिला की जान ले गई तेज रफ्तार बाइक

देवरिया: तरकुलवा थाना क्षेत्र के देवरिया-कसया मार्ग स्थित बालपुर श्रीनगर चौराहे के पास कल (गुरुवार) सुबह सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। हादसे के वक्त महिला सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बाइक सवार की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका उषा देवी (50) अपने मायके श्रीनगर चौराहे आई हुई थीं। गुरुवार सुबह जब वह घर के सामने सड़क पार कर रही थीं, उसी दौरान देवरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों ने तुरंत उन्हें सीएससी तरकुलवा पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजने की सलाह दी, लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।
थाना अध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि बाइक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।





