- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Deoria: भूमि विवाद में...
Deoria: भूमि विवाद में भूतपूर्व सैन्यकर्मी की पीट-पीटकर हत्या

देवरिया: देश की सरहदों पर जीवन भर सेवा देने वाले एक पूर्व सैनिक को अपने ही गांव की जमीन पर अपनों की बेरहमी का शिकार होना पड़ा। देवरिया जनपद के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सोमवार सुबह 70 वर्षीय भूतपूर्व सैन्यकर्मी राम दयाल कुशवाहा की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जमीन विवाद ने ली जान
जानकारी के मुताबिक, राम दयाल कुशवाहा सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद अपने गांव लौटकर समाज सेवा में जुट गए थे। लंबे समय से उनका कुछ लोगों से भूमि विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह गांव की कच्ची सड़क पर बारिश के कारण कीचड़ हो गया था। इसी दौरान गांव का ही निवासी रामप्रकाश निषाद अपने साथियों संग एक शोकसभा में शामिल होने जा रहा था, तभी उनकी गाड़ी कीचड़ में फंस गई।
राम दयाल कुशवाहा मौके पर पहुंचे और इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडों से हुए हमले में राम दयाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम
परिजन उन्हें तत्काल पास के अस्पताल ले गए, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
एक आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों से पूछताछ कर अहम सुराग जुटाए। पुलिस ने एक आरोपी विजय को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पसरा सन्नाटा, मातम का माहौल
घटना के बाद फतेहपुर गांव में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीण एक देशभक्त के साथ हुई इस दर्दनाक घटना से आहत हैं। राम दयाल की असामयिक और निर्मम मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।





