- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Deoria: मनरेगा में...

देवरिया: जनपद देवरिया के बैतालपुर विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बांसपार बुजुर्ग में मनरेगा योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं में वित्तीय अनियमितता को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता विकास मणि त्रिपाठी ने बीडीओ, पंचायत सचिव व तकनीकी सहायक पर संगीन आरोप लगाते हुए मजिस्ट्रेटी जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार गाटा संख्या 187 (बेहलीबीर पोखरी), गाटा संख्या 147 (पश्चिमी पोखरी) की खुदाई व सफाई तथा एक अन्य परियोजना—रामचंद्र मणि के खेत से औरा चौरी सिवान तक चकबंध निर्माण कार्य—में जेसीबी व ट्रैक्टर से कार्य कराए गए, जिससे मैनुअल मजदूरी का उल्लंघन हुआ है। साथ ही फर्जी मस्ट्रोल तैयार कर एनएमएमएस पर गलत फोटो अपलोड किए गए व फर्जी श्रमिकों की हाजिरी भरकर भुगतान किया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस संबंध में 18 जून को खंड विकास अधिकारी दीपक कुमार को लिखित शिकायत देने के बावजूद मामले की लीपापोती की गई और शिकायत पोर्टल पर भी सिर्फ औपचारिक जांच दिखाकर मामला निक्षेपित कर दिया गया।
श्री त्रिपाठी ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मंडलायुक्त गोरखपुर व आयुक्त ग्राम्य विकास, लखनऊ को संबोधित पत्र में सचिव अपराजिता, तकनीकी सहायक वी.एन. तिवारी व बीडीओ दीपक कुमार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और शासकीय धन की वसूली की मांग की है।





