- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Deoria: भ्रष्टाचार में...
Deoria: भ्रष्टाचार में लिप्त बीडीओ, सीडीओ ने नहीं उठाया कोई कदम

देवरिया: जनपद के विकास खंड बैतालपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बांसपार बुजुर्ग में जारी भ्रष्टाचार पर जिला प्रशासन की चुप्पी सवालों के घेरे में है। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बैतालपुर पर गंभीर आरोप लग रहे हैं कि वह खुद भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं और दोषियों को खुला संरक्षण दे रहे हैं।
ग्राम पंचायत सचिव अपराजिता यादव और तकनीकी सहायक वी. एन. तिवारी के खिलाफ ग्रामीणों द्वारा बार-बार भ्रष्टाचार की लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है। इससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
विकास कार्यों में धांधली, योजनाओं की धनराशि में गड़बड़ी और दस्तावेजों में फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप इन दोनों पर हैं, बावजूद इसके खंड विकास अधिकारी न केवल आँख मूंदे हुए हैं, बल्कि उन्हें खुला संरक्षण भी दे रहे हैं।
सनद हो कि सचिव व तकनीकी सहायक द्वारा शासकीय धन की लूट खसोट किये जाने के विरुद्ध 18 जून 2025 को बीडीओ बैतालपुर को लिखित शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं करते हुए मामले को दबा देने और आईजीआरएस पर जिलाधिकारी को की गयी शिकायत मे बीडीओ ने भ्रष्टाचार में संलिप्त सचिव से ही लीपा पोती के उद्देश्य से जाँच की इति श्री करा डाली थी।
यह स्थिति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'जीरो टॉलरेंस फॉर करप्शन' नीति की खुली अवहेलना मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार अधिकारी ही भ्रष्टाचार के पोषणकर्ता बन जाएँ, तो आम जनता की आवाज़ कैसे सुनी जाएगी?
अब देखना यह है कि जिला स्तरीय अधिकारी और शासन इस प्रकरण को संज्ञान में लेकर क्या सख्त कदम उठाते हैं।





