उत्तर प्रदेश

Deoria: फरार दुष्कर्म आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

Admindelhi1
14 Jun 2025 11:39 AM IST
Deoria: फरार दुष्कर्म आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
x
"आरोपी के पैर में लगी गोली"

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया में अदालत से फरार चल रहे एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने जानकारी दी कि कुशीनगर जिले के हाटा कस्बा निवासी शिवा बांसफोड़ को महुआडीह पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कुछ दिनों पहले उसे पेशी के लिए जिला अदालत लाया गया था, जहां वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। इस मामले में सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया, साथ ही एक पुलिसकर्मी को लापरवाही के चलते निलंबित कर उसके खिलाफ भी केस दर्ज किया गया।

शिवा की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गुरुवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने परसिया मल्ल गांव के पास हाटा रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लग गई। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Next Story