- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Deoria: वक्फ बोर्ड की...
Deoria: वक्फ बोर्ड की 1224 संपत्तियां आईं सामने, अरबों में आंकी गई कुल कीमत
देवरिया: जिले में वक्फ बोर्ड के नाम दर्ज संपत्तियों की संख्या 1224 तक पहुंच गई है, जिनकी अनुमानित कीमत अरबों रुपये आंकी जा रही है। यह जानकारी मंगलवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडेय ने दी। उन्होंने बताया कि यह सभी संपत्तियां सुन्नी वक्फ बोर्ड के नाम दर्ज हैं, जबकि शिया समुदाय की कोई संपत्ति इसमें शामिल नहीं है।
इन वक्फ संपत्तियों में मस्जिद, मजार और कब्रिस्तान प्रमुख रूप से शामिल हैं। शहर के मालवीय रोड स्थित अंजुमन ईदगाह, सीसी रोड का कब्रिस्तान समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थित संपत्तियां विभागीय आंकड़ों में दर्ज हैं। इनका रखरखाव स्थानीय कमेटियों द्वारा किया जाता है।
रामपुर कारखाना, पथरदेवा, देसही देवरिया, सलेमपुर, भाटपार रानी, रुद्रपुर, बरहज, भटनी और लार विकासखंड में भी बड़ी संख्या में वक्फ बोर्ड की संपत्तियां मौजूद हैं। जिन जगहों पर वक्फ संपत्तियों के पास दुकानें बनी हैं, वहां से मिलने वाले किराये से देखरेख की जाती है, जबकि बाकी जगहों पर स्थानीय मुस्लिम समुदाय चंदा एकत्रित कर रखरखाव करता है।
खुश करने वाली बात यह है कि अब तक इन संपत्तियों पर किसी अवैध कब्जे का मामला सामने नहीं आया है। प्रशासन इन सभी संपत्तियों की नियमित निगरानी और पारदर्शी प्रबंधन सुनिश्चित करने पर काम कर रहा है।





