उत्तर प्रदेश

Sherpur खादर में पुल की मांग, आंदोलन की तैयारी

Ratna Netam
13 July 2026 4:06 PM IST
Sherpur  खादर में पुल की मांग, आंदोलन की तैयारी
x

Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर : पुरकाजी क्षेत्र के शेरपुर खादर में आयोजित प्रजापति समाज के कार्यक्रम में भारतीय अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। मोहन प्रजापति ने कहा कि यदि प्रशासन और सरकार ने समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया तो 17 जुलाई से धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मोहन प्रजापति ने कहा कि अति पिछड़ा वर्ग के लोगों को अपने अधिकारों और भागीदारी के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर ग्रामीण लगातार परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

उन्होंने शेरपुर खादर, नगला, रामनगर बढ़ीवाला और आसपास के गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर नदी के ऊपर पुल निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण नहीं होने के कारण ग्रामीणों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासतौर पर बरसात के दिनों में हालात और गंभीर हो जाते हैं।

मोहन प्रजापति ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले अतिरिक्त पानी के कारण खादर क्षेत्र के रास्तों पर कई फीट तक पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो जाता है। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि पानी भरने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। कई लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं और उन्हें इलाज व दवाइयों के लिए परेशान होना पड़ता है। वहीं, स्कूली छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि रास्तों में पानी भरने के कारण बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते।

मोहन प्रजापति ने दावा किया कि खादर क्षेत्र के ग्रामीणों में इन समस्याओं को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने घोषणा की कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 17 जुलाई, शुक्रवार से लक्सर रोड स्थित शेरपुर खादर में दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस धरने के माध्यम से प्रशासन और सरकार से पुल निर्माण सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। यदि धरना शुरू होने के दो दिन के भीतर सरकार और प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो तीसरे दिन पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में अति पिछड़ा वर्ग के लोगों के घरों पर भाजपा सरकार के बहिष्कार के पोस्टर लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान पश्चिम उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. राजवीर सिंह प्रजापति का समाज के लोगों द्वारा सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष विकास प्रजापति के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर सुंदरलाल प्रजापति, शिवकुमार प्रजापति, सोनू प्रजापति, विकास प्रजापति, साधु राम प्रजापति, यादराम प्रजापति, योगेंद्र, डॉ. मनोज प्रजापति, राकेश प्रजापति, मुकेश प्रजापति और राहुल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय समस्याओं और उनके समाधान को लेकर चर्चा की गई।

Next Story