उत्तर प्रदेश

आगरा में राहुल गांधी और पप्पू यादव पर कार्रवाई की मांग

Saba Naaz
1 Aug 2026 9:40 PM IST
आगरा में राहुल गांधी और पप्पू यादव पर कार्रवाई की मांग
x

आगरा। अखिल भारत हिंदू महासभा की महिला मोर्चा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सांसद पप्पू यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ आगरा के सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। संगठन ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के जरिए राम मंदिर दान चोरी का गलत संदर्भ देकर भगवा वस्त्र, रुद्राक्ष और संत समाज का अपमान किया गया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीतू ठाकुर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा, जिसमें कथित तौर पर सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहने हुए दिखाई दे रहे हैं और राहुल गांधी उन्हें दान देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा भगवाधारी व्यक्ति पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसे घसीटने और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस वीडियो को राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे और संत समाज के संदर्भ में प्रस्तुत किया गया, जिससे करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं प्रभावित हुई हैं। हिंदू महासभा ने आरोप लगाया कि पवित्र श्रावण मास के दौरान इस तरह का प्रदर्शन सनातन परंपरा और धार्मिक प्रतीकों का अपमान है।

नीतू ठाकुर ने कहा कि भगवा वस्त्र और रुद्राक्ष भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। इनका राजनीतिक प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल कर मजाक उड़ाना समाज में तनाव और वैमनस्य पैदा कर सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हिंदू महासभा की ओर से राहुल गांधी, पप्पू यादव और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। संगठन का आरोप है कि वीडियो के माध्यम से सनातन धर्म और संत समाज की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।

शिकायत के दौरान हिंदू महासभा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें मनीष पंडित, अज्जू चौहान, अवतार सिंह, नितेश भारद्वाज और सिकंदर सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को वीडियो से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी उपलब्ध कराने की बात कही।

वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता, उसमें मौजूद लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब संसद परिसर में विपक्षी सांसदों के एक विरोध प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। भाजपा और हिंदू संगठनों ने इस प्रदर्शन पर आपत्ति जताई है, जबकि विपक्ष इसे सरकार के खिलाफ राजनीतिक विरोध का हिस्सा बता रहा है।

फिलहाल आगरा पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे कौन-सी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story